मुंबई
देश के सभी बैंक कर्मियों और अफसरों का स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा। सरकारी बीमा कंपनियां इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के जरिए मास्टर मेडिक्लेम पॉलिसी जारी करेंगी। उम्मीद है अगस्त के अंत तक यह जारी हो जाएगा। इसका फायदा 10 लाख कर्मचारियों और तीन लाख रिटायर्ड कर्मियों को मिलेगा। इस बीमा पॉलिसी का प्रीमियम बैंक देंगे।
कर्मचारियों को 3 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। इसका प्रीमियम 5,000 रुपए होगा। बैंक अफसरों का बीमा कवर 4 लाख रुपए का होगा। उनका प्रीमियम 6,000 रुपए होगा। बैंक कर्मचारी संगठनों और आईबीए के बीच 25 मई को नया वेतन समझौता हुआ था। मेडिक्लेम पॉलिसी उसी का हिस्सा है।
आईबीए के सभी 43 सदस्य बैंकों में यह लागू होगा। इनमें 25 सरकारी बैंक, 11 पुराने निजी बैंक और सात विदेशी बैंक शामिल हैं। न्यू इंडिया एश्योरेंस के सीएमडी जी श्रीनिवासन ने बताया कि पॉलिसी की शर्तों पर आईबीए के साथ बात चल रही है। यह पहली बार होगा जब बैंक अपने कर्मचारियों को इस तरह की स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी देंगे।
श्रीनिवासन सरकारी साधारण बीमा कंपनियों की एसोसिएशन के चेयरमैन भी हैं। एसोसिएशन के एक अधिकारी ने बताया कि मास्टर पॉलिसी में कर्मचारी, अधिकारी और रिटायर्ड कर्मी, सभी शामिल होंगे। इस महीने के अंत तक पॉलिसी जारी हो जाने की उम्मीद है। इसमें छोटी-बड़ी सर्जरी भी शामिल होगी। यूनाइटेड इंडिया इन्श्योरेंस प्रमुख बीमाकर्ता कंपनी होगी। बाकी तीन सरकारी साधारण बीमा कंपनियां सह-बीमाकर्ता कंपनी होंगी।