
डेनिश के एक दंपती को पिरामिड पर अडवेंचर करना महंगा पड़ गया। गीज़ा के द ग्रेट खुफू पिरामिड (Great Khufu Pyramid of Giza) के शिखर पर चढ़कर दंपती ने न सिर्फ तस्वीरें खींची बल्कि अपना न्यूड विडियो भी पोस्ट कर दिया। अधिकारियों ने पिरामिड पर चढ़ने और अश्लीलता फैलाने के आरोप में दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
न्यूड विडियो और तस्वीर यूट्यूब पर डालने के साथ ही वायरल हो गईं और प्रशासन ने तुरंत इसका संज्ञान लिया। प्रशासन का कहना है कि दंपती ने अश्लीलता फैलाने का काम किया है और यह मिस्त्र के सार्वजनिक नैतिकता कानूनों का उल्लंघन भी है। प्रशासन का यह भी कहना है कि ऐतिहासिक धरोहर पिरामिडों के ऊपर चढ़ना भी अपराध की श्रेणी में आता है।
सीएनएन की शनिवार की रिपोर्ट के मुताबिक, विडियो करीब 3 मिनट का है और यह सोशल मीडिया पर अपलोड करने के साथ ही वायरल हो गया। इस विडियो को लेकर स्थानीय लोगों में बेहद नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने डेनिश दंपती के इस व्यवहार की काफी आलोचना की है।
विडियो में दंपती के ऊपर चढ़ने का हिस्सा शूट किया गया है और उसके बाद ऊपर पहुंचकर महिला अपने कपड़े उतार देती हैं। इसके बाद कुछ सेकेंड तक दंपती के न्यूड होने का दृश्य भी विडियो में हैं।